आस्ट्रेलिया में करीब 50 लाख लोगों को इस शुक्रवार से बड़ी राहत मिलने जा रही है। महंगाई को ध्यान में रखते हुए सरकार ने पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा भत्तों को बढ़ाने का ऐलान किया है। इससे पेंशनभोगियों, किरायेदारों, अभिभावकों और बेरोजगारों की आय में सीधा इजाफा होगा।
एकल पेंशनभोगी को अब 29.70 डॉलर अधिक मिलेंगे, जिससे उनकी पेंशन बढ़कर 1178.70 डॉलर प्रति पखवाड़ा हो जाएगी।
दंपति पेंशनभोगियों को प्रति व्यक्ति 22.40 डॉलर की वृद्धि के साथ अब 888.50 डॉलर मिलेंगे।
एकल अभिभावक को अब 1039.70 डॉलर मिलेंगे, यानी 16.20 डॉलर की वृद्धि।
साझा रूप से बच्चों की परवरिश करने वाले दंपति को अब 734.40 डॉलर, यानी 11.40 डॉलर की बढ़ोतरी।
कैरर पेमेंट (Carer Payment) में भी समान अनुपात से इजाफा होगा।
एकल किरायेदार को अब 215.40 डॉलर, यानी 3.40 डॉलर ज्यादा मिलेंगे।
दंपति किरायेदारों को 203 डॉलर, यानी 3.20 डॉलर अधिक।
तीन या अधिक बच्चों वाले एकल अभिभावक को किराया सहायता 286.02 डॉलर तक बढ़ जाएगी।
22 वर्ष या उससे अधिक आयु के अविवाहित बेरोजगार को अब 793.60 डॉलर, यानी 12.50 डॉलर की बढ़ोतरी मिलेगी।
युवा भत्ता (Youth Allowance) में भी वृद्धि होगी, जिससे पढ़ाई कर रहे और संघर्ष कर रहे छात्रों को सहारा मिलेगा।
यह बढ़ोतरी तीन सूचकांकों के आधार पर तय हुई है—
उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI)
औसत साप्ताहिक वेतन वृद्धि
पेंशनर और लाभार्थी जीवनयापन लागत सूचकांक
सरकार का कहना है कि इस कदम से बढ़ती महंगाई के बीच जरूरतमंदों को प्रत्यक्ष आर्थिक राहत मिलेगी।