एंटरटेनमेंट डेस्क: ग्लोबल स्टार Priyanka Chopra एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में रिलीज हुई उनकी हॉलीवुड फिल्म The Bluff को लेकर अभिनेत्री लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। फिल्म की रिलीज के बाद अब प्रियंका ने सोशल मीडिया पर शूटिंग के दौरान के बिहाइंड द सीन्स (बीटीएस) पलों की खास तस्वीरें साझा की हैं, जिन्हें फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
प्रियंका द्वारा साझा की गई तस्वीरों में फिल्म के अलग-अलग सीन की झलक देखने को मिलती है। एक तस्वीर में मेकअप आर्टिस्ट उन्हें टचअप देते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में वह खेतों के बीच सीन की तैयारी करती दिखाई दे रही हैं। कुछ फोटो में वह अपने को-स्टार्स के साथ बातचीत करती दिखती हैं तो वहीं कई तस्वीरों में निर्देशक उन्हें सीन समझाते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में उनके गले में फूलों की माला भी दिखाई दे रही है, जो उनके लुक को अलग आयाम देती है।
तस्वीरों से साफ जाहिर होता है कि फिल्म की कहानी समुद्री डाकुओं की पृष्ठभूमि पर आधारित है। प्रियंका का लुक भी उसी के अनुरूप रखा गया है, जिसमें वह दमदार और एक्शन अवतार में नजर आ रही हैं। इससे पहले साझा की गई तस्वीरों में वह खून से लथपथ और एक्शन मोड में दिखाई दी थीं, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी थी।
इन तस्वीरों के साथ प्रियंका ने मजेदार कैप्शन भी लिखा। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “समुद्री डाकुओं को सबसे कम पसंद आने वाला व्यायाम कौन सा है? तख्ते पर चलना।” उनके इस हल्के-फुल्के अंदाज ने फैंस को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया।
फिल्म ‘द ब्लफ’ में प्रियंका का एक्शन अवतार दर्शकों को खासा पसंद आ रहा है। अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स के जरिए वह लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं और भारतीय सिनेमा का नाम वैश्विक मंच पर रोशन कर रही हैं।