बेंगलुरु भगदड़: आरसीबी दोषी करार, बिना अनुमति कराई थी विजय परेड

जांच रिपोर्ट सार्वजनिक 11 की मौत, 50 से ज्यादा घायल; हाईकोर्ट के निर्देश पर रिपोर्ट आई सामने

बेंगलुरु भगदड़: आरसीबी दोषी करार, बिना अनुमति कराई थी विजय परेड

बेंगलुरु:
आईपीएल 2025 की चैंपियन बनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की विजय परेड के दौरान हुई भगदड़ की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि इस आयोजन के लिए न तो आरसीबी ने पुलिस से किसी प्रकार की अनुमति ली थी और न ही आयोजन के लिए आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गई थीं।

गौरतलब है कि इस भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए थे। यह घटना चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर तब घटी, जब हजारों की संख्या में लोग आरसीबी की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने पहुंचे थे।

क्या कहती है रिपोर्ट?

कर्नाटक सरकार की ओर से कर्नाटक उच्च न्यायालय को सौंपी गई रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि RCB प्रबंधन ने 3 जून को पुलिस को केवल "सूचना" दी थी — जबकि नियमानुसार इस तरह के सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए कम से कम 7 दिन पहले विधिवत "अनुमति" लेनी होती है।

रिपोर्ट के मुताबिक, RCB ने न तो निर्धारित प्रारूप में आवेदन किया और न ही अपेक्षित विवरण जैसे अनुमानित भीड़, सुरक्षा प्रबंध, प्रवेश/निकासी व्यवस्था आदि की जानकारी दी। परिणामस्वरूप, कब्बन पार्क पुलिस थाने के निरीक्षक ने आयोजन को अनुमति नहीं दी थी।

सरकार चाहती थी गोपनीयता, अदालत ने कहा — नहीं

कर्नाटक सरकार ने शुरुआत में अदालत से इस रिपोर्ट को गोपनीय रखने की अपील की थी। लेकिन उच्च न्यायालय ने इस मांग को ठुकराते हुए कहा कि जनता को ऐसी जानकारी से वंचित नहीं किया जा सकता, और गोपनीयता का कोई वैध आधार नहीं है।

RCB की जिम्मेदारी तय

रिपोर्ट में RCB को सीधे तौर पर दोषी ठहराते हुए कहा गया है कि आयोजन “एकतरफा” था, और आयोजकों ने सुरक्षा व कानून व्यवस्था को लेकर कोई ठोस योजना नहीं बनाई थी। अदालत ने राज्य सरकार से यह भी पूछा है कि ऐसे आयोजनों पर नियंत्रण के लिए आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।


पृष्ठभूमि

3 जून 2025 को RCB ने 18 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अपना पहला IPL खिताब जीता था। इस जीत का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग बेंगलुरु की सड़कों पर उमड़े, खासकर चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास। लेकिन सुरक्षा प्रबंधों के अभाव में यह आयोजन भगदड़ में बदल गया।