राजकुमार राव ने धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोपों के बीच जालंधर अदालत में किया सरेंडर

राजकुमार राव ने धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोपों के बीच जालंधर अदालत में किया सरेंडर

बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। 2017 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘बहन होगी तेरी’ के एक दृश्य को लेकर धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला अदालत तक जा पहुंचा है। इस विवाद के चलते अभिनेता को 29 जुलाई (मंगलवार) को पंजाब के जालंधर में एक अदालत के समक्ष सरेंडर करना पड़ा।

क्या है मामला?

फिल्म ‘बहन होगी तेरी’ के एक पोस्टर और एक सीन को लेकर आपत्ति जताई गई है, जिसमें भगवान शिव को चप्पल पहने दिखाने का आरोप है। यह दृश्य कुछ दर्शकों को आपत्तिजनक लगा, जिसके बाद मामला कोर्ट तक पहुंचा। आरोपों के दायरे में न केवल राजकुमार राव हैं, बल्कि फिल्म के निर्देशक, निर्माता और अभिनेत्री श्रुति हासन का नाम भी शुरूआती जांच में शामिल किया गया था।

अदालत में पेशी और सरेंडर

राजकुमार राव को पहले अग्रिम जमानत मिल चुकी थी, लेकिन एक महत्वपूर्ण तारीख पर अदालत में हाज़िर नहीं होने के कारण गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया गया था। इसके बाद राजकुमार राव ने मंगलवार शाम करीब 4 बजे जालंधर कोर्ट में आत्मसमर्पण किया, जहां जज सृजन शुक्ला ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया।

फिल्म का बुरा बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन

गौरतलब है कि ‘बहन होगी तेरी’ एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म थी, जिसमें राजकुमार राव और श्रुति हासन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। यह फिल्म करीब 13 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी लेकिन महज 2.69 करोड़ रुपये की कमाई ही कर पाई। इस फिल्म का सिनेमाघरों में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा।