सिडनी के इनर वेस्ट क्षेत्र में 30,000 घर बनाने की योजना को लेकर जबरदस्त विरोध शुरू हो गया है। अशफ़ील्ड सिविक सेंटर के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे, जहां नगर परिषद की ओर से ‘फेयरर फ्यूचर्स हाउसिंग प्लान’ पर सार्वजनिक बैठक आयोजित की गई थी।
बैठक का माहौल बेहद उग्र हो गया। गुस्साए स्थानीय निवासी और योजना के समर्थक आमने-सामने आ गए। चार घंटे तक चली बैठक में नारेबाज़ी, टकराव और तीखी बहस देखने को मिली। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में नए मकानों के निर्माण से इलाके की पहचान बदल जाएगी, भीड़भाड़ बढ़ेगी और मूलभूत सुविधाओं पर दबाव पड़ेगा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि परिषद ने बिना पर्याप्त परामर्श के यह योजना थोप दी है। उनका कहना है कि हरियाली, पार्क और सार्वजनिक जगहों की कीमत पर ऊंची-ऊंची इमारतें बनाई जा रही हैं। कई निवासियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी चिंताओं को नज़रअंदाज़ किया गया तो आंदोलन और तेज़ होगा।
वहीं, योजना के समर्थकों का मानना है कि सिडनी में तेजी से बढ़ती आबादी और घरों की बढ़ती कीमत को देखते हुए किफायती आवास की ज़रूरत है। उनका कहना है कि इस परियोजना से युवाओं और मध्यम वर्ग को सस्ती दरों पर रहने की जगह मिल सकेगी।