मेलबर्न के समुद्र तट पर किशोरों का उत्पात, दंगा नियंत्रण पुलिस तैनात

मेलबर्न के समुद्र तट पर किशोरों का उत्पात, दंगा नियंत्रण पुलिस तैनात

मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया।
मेलबर्न के दक्षिण-पूर्वी इलाके मोर्डियालॉक में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सैकड़ों किशोरों ने एक सुपरमार्केट और बाद में समुद्र तट पर जमकर उत्पात मचाया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को दंगा नियंत्रण दस्ते (रायट स्क्वाड) को बुलाना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार करीब 3 बजे लगभग 200 किशोर मोर्डियालॉक स्थित वूलवर्थ्स सुपरमार्केट में घुस गए। बड़ी संख्या में मौजूद किशोरों ने स्टोर के भीतर तोड़फोड़ की, सामान को अलमारियों से फेंका और पूरे इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर सुपरमार्केट को तत्काल लॉकडाउन करना पड़ा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक किशोरों का समूह स्टोर से निकलकर पास के मोर्डियालॉक पियर और समुद्र तट की ओर बढ़ चुका था। वहां आपसी झगड़ा इतना बढ़ गया कि कुछ किशोरों को जमीन पर गिराकर लात-घूंसे और पैरों से कुचले जाने की घटनाएं सामने आईं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हिंसा के दृश्य साफ देखे जा सकते हैं।

हालात बेकाबू होने पर पुलिस की पब्लिक ऑर्डर रिस्पॉन्स टीम को तैनात किया गया। दर्जनों पुलिस वाहनों के साथ समुद्र तट और पियर क्षेत्र को घेरकर भीड़ को तितर-बितर किया गया। पुलिस को उपद्रवियों को काबू में करने के लिए पेपर स्प्रे का भी इस्तेमाल करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोगों ने पुलिस पर वस्तुएं भी फेंकीं।

पुलिस के अनुसार, इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है और मौके से कोई हथियार भी बरामद नहीं हुआ। हालांकि, एक किशोर को गिरफ्तार किया गया है, जो फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।

इस घटना ने स्थानीय निवासियों और दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सोशल मीडिया फुटेज के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है।