ब्रिस्बेन/गोल्ड कोस्ट। क्वींसलैंड के गोल्ड कोस्ट में पिछले महीने पाँच दिनों के भीतर चार अलग-अलग जगहों पर शव मिलने के बाद सोशल मीडिया पर ‘सीरियल किलर’ की अफवाहें तेज हो गईं। पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह निराधार बताते हुए स्पष्ट किया है कि सभी मौतों की जांच में कोई आपराधिक गतिविधि के सबूत नहीं मिले हैं।
यह सिलसिला 19 जुलाई से शुरू हुआ, जब तालेबुडगेरा क्रीक के इको बीच पर 60 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिला। अगले ही दिन, 20 जुलाई की सुबह, पाम बीच सर्फ लाइफसेविंग क्लब के पास 73 वर्षीय स्थानीय महिला एलिज़ाबेथ केली मृत पाई गईं। उसी दिन, वरसिटी लेक्स के मेन स्ट्रीट स्थित एक स्विमिंग पूल के पास लगभग 20 वर्षीय युवक का शव भी बरामद हुआ।
इसके बाद 23 जुलाई की दोपहर, कर्रम्बिन क्रीक के व्हिटसंडे ड्राइव क्षेत्र में एक महिला का शव पानी में तैरता मिला।
हालाँकि पुलिस ने सभी मामलों को “गैर-संदिग्ध” करार दिया है, लेकिन टिकटॉक पर 1.6 लाख से अधिक फॉलोअर्स वाले एक स्थानीय कंटेंट क्रिएटर ने दावा किया कि “गोल्ड कोस्ट में सीरियल किलर सक्रिय हो सकता है”। इस वीडियो पर कई लोगों ने सहमति जताई और कहा कि “दो मौतें संयोग, तीन पैटर्न और पाँच सीरियल किलर का संकेत होती हैं।”
क्वींसलैंड पुलिस ने इन सभी अटकलों को खारिज करते हुए कहा, “जनता को आश्वस्त किया जाता है कि इन घटनाओं में कोई आपराधिक तत्व नहीं है। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें।”
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें और असत्यापित दावों से डर और भ्रम फैलाने से बचें।