शरद पवार की तबीयत बिगड़ी, पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती

शरद पवार की तबीयत बिगड़ी, पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार की सेहत मंगलवार को अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बारामती से पुणे स्थित रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया। उन्हें खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत बताई जा रही है।

शरद पवार के कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और आवश्यक मेडिकल जांचें की जा रही हैं। फिलहाल उनकी हालत को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।

एनसीपी प्रमुख के भतीजे श्रीनिवास पवार ने बताया कि मंगलवार रात से ही शरद पवार को लगातार खांसी हो रही थी और सीने में जकड़न महसूस हो रही थी। एहतियात के तौर पर उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर उनकी पत्नी प्रतिभा पवार, बेटी सांसद सुप्रिया सुले और दामाद सादनंद सुले भी मौजूद रहे।

रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य कार्डियोलॉजिस्ट एवं मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. परवेज ग्रांट ने बताया कि शरद पवार के अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच शुरू कर दी है और सभी जरूरी परीक्षण किए जा रहे हैं, जिसके आधार पर आगे का उपचार तय किया जाएगा।

गौरतलब है कि शरद पवार देश के वरिष्ठ और अनुभवी राजनीतिक नेताओं में गिने जाते हैं। वे 1999 में एनसीपी के संस्थापक रहे हैं और महाराष्ट्र की राजनीति में दशकों से सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे पूर्व में ओरल कैंसर से भी जूझ चुके हैं और उस बीमारी से सफलतापूर्वक उबर चुके हैं।

फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनके समर्थक व शुभचिंतक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।