सर डॉन ब्रैडमैन की ‘बैगी ग्रीन’ कैप रिकॉर्ड 4.60 लाख डॉलर में बिकी

सर डॉन ब्रैडमैन की ‘बैगी ग्रीन’ कैप रिकॉर्ड 4.60 लाख डॉलर में बिकी

मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटर Sir Donald Bradman की दुर्लभ ‘बैगी ग्रीन’ टेस्ट कैप ऑस्ट्रेलिया दिवस के अवसर पर आयोजित नीलामी में रिकॉर्ड कीमत पर बिकी। यह कैप लॉयड्स ऑक्शन्स में 4,60,000 ऑस्ट्रेलियन डॉलर (लगभग 2.5 करोड़ रुपये) में नीलाम हुई, जो ब्रैडमैन की किसी भी बैगी ग्रीन कैप के लिए अब तक की सबसे ऊंची कीमत है।

नीलामी में एक गुमनाम ऑस्ट्रेलियाई संग्रहकर्ता ने यह ऐतिहासिक धरोहर खरीदी। लॉयड्स ऑक्शन्स ने पुष्टि की है कि यह कैप ऑस्ट्रेलिया में ही रहेगी और इसे एक प्रमुख संग्रहालय में सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए रखा जाएगा।

नीलाम की गई यह कैप ब्रैडमैन द्वारा अपने एक साथी टेस्ट क्रिकेटर को उपहार में दी गई थी। यह टोपी पिछले 75 वर्षों से अधिक समय तक उसी परिवार के पास सुरक्षित रही और तीन पीढ़ियों से संरक्षित की जाती रही। खास बात यह है कि यह कैप इससे पहले कभी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं की गई थी और न ही बिक्री के लिए पेश हुई थी।

लॉयड्स ऑक्शन्स के मुख्य परिचालन अधिकारी ली हेम्स ने कहा कि यह परिणाम इस वस्तु की दुर्लभता और सर डॉन ब्रैडमैन की राष्ट्रीय पहचान को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “यह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट इतिहास का एक असली और अनमोल हिस्सा है, जिसे खुद ब्रैडमैन ने उपहार स्वरूप दिया था। इतने वर्षों तक एक ही परिवार द्वारा इसे संभालकर रखना इसे और भी खास बनाता है।”

सर डॉन ब्रैडमैन ने 1948 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। उनका 99.94 का करियर बल्लेबाजी औसत आज भी विश्व खेल इतिहास की सबसे महान उपलब्धियों में गिना जाता है। उनकी यह ‘बैगी ग्रीन’ कैप अब न केवल क्रिकेट प्रेमियों बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की विरासत के रूप में संग्रहालय में देखी जा सकेगी।