लखनऊ | 20 जुलाई 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा के दौरान उपद्रव और तोड़फोड़ की घटनाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया कि जो भी इस पवित्र यात्रा की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी – यहां तक कि उनके पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाएंगे।
रविवार को कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा के दौरान एक प्रेस ब्रीफिंग में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "कांवड़ यात्रा में उपद्रव करने वाले सीसीटीवी फुटेज में कैद हो चुके हैं। जो भी उपद्रवियों के भेष में शामिल होकर इस धार्मिक यात्रा को बदनाम कर रहा है, वे बेनकाब होंगे और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।"
सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा और भक्ति का पर्व है। इस उत्सव में कुछ असामाजिक तत्व अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे लोगों को अपने बीच न घुसने दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
"सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। ऐसे लोगों को हम अपने समाज और श्रद्धा से दूर रखेंगे," योगी ने कहा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सिर्फ पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर शिव भक्त की जिम्मेदारी है कि वह स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखे। उन्होंने कांवड़ियों से अपील की कि चौराहों पर गंदगी न फैलाएं और सफाई कर्मचारियों का सम्मान करें।
"शिव लोकमंगल के देवता हैं, हमें उनकी भक्ति करते हुए अपने कर्तव्यों को नहीं भूलना चाहिए। सनातन परंपरा और भारत की एकता का यह उत्सव सभी को जोड़ता है, इसे बिगाड़ने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी," मुख्यमंत्री ने कहा।
सीएम योगी ने ट्विटर पर भी संदेश साझा करते हुए लिखा:
"शिव का वंदन... सनातन, श्रद्धा एवं भारत की एकता का अभिनंदन... देवाधिदेव महादेव सबका कल्याण करें। हर हर महादेव!"