सिडनी की एक सुप्रीम कोर्ट में चल रहे हाई-प्रोफ़ाइल मर्डर ट्रायल के दौरान दो दुश्मन अपराधी गिरोहों — अलामद्दीन और हमज़ी — की कथित पारिवारिक और आपराधिक संरचना का खुलासा हुआ है।
मामला 2021 में हुए उस गैंगवार से जुड़ा है जिसमें कुख्यात हमज़ी गैंग के वरिष्ठ सदस्य बिलाल हमज़े की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में आरोपी, कथित अलामद्दीन सहयोगी सैमुअल जॉन रोकोमाकिसा, हत्या और बिलाल के भाई इब्राहिम हमज़े की हत्या की साज़िश के आरोप में अदालत में पेश है। आरोपी ने सभी आरोपों से इनकार किया है।
पुलिस का खुलासा:
जांच अधिकारी, डिटेक्टिव सीनियर कॉन्स्टेबल लॉरेन बेनेट ने अदालत को बताया कि न्यू साउथ वेल्स पुलिस की एक विशेष स्ट्राइक फ़ोर्स लंबे समय से अलामद्दीन ऑर्गनाइज़्ड क्राइम नेटवर्क पर नज़र रख रही थी। अदालत में दोनों गिरोहों की “हाइरार्की” और पारिवारिक रिश्तों का चार्ट भी पेश किया गया।
8 जून 2021 की एक रात, पुलिस ने पश्चिमी सिडनी में कथित गैंग बॉस रफ़ात अलामद्दीन के घर में हुई बातचीत को रिकॉर्ड किया। इसमें तीन लोग एक हालिया शूटिंग पर चर्चा कर रहे थे। बातचीत में आरोप लगा कि रफ़ात ने अपने साले असआद अलहमद को हमज़ी गैंग से जुड़े लोगों से मिलने भेजकर गलती की। कुछ ही घंटों बाद अलहमद को ग्रानविल की एक कबाब शॉप के बाहर गोली मारी गई, हालांकि वह बच गया।
बातचीत में एक नाम “गैस” का आया, जो पुलिस के अनुसार घस्सान अमून (घस्सान हमज़ी) का उपनाम था। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों का मानना था कि अगर अमून ने हमला कराया होता तो “काम अधूरा नहीं रहता”।
गैंगवार का कारण:
क्राउन प्रॉसीक्यूटर कैटरीना रैटक्लिफ ने अदालत में कहा कि बिलाल की हत्या हमज़ी और अलामद्दीन गिरोहों के बीच चल रहे खूनी विवाद का हिस्सा थी। अप्रैल 2021 में बिलाल ने अपनी सुरक्षा के लिए ऑबर्न से हैमार्केट शिफ्ट किया था, लेकिन 17 जून को वह सिडनी के सीबीडी में एक महिला के साथ डिनर करने आया और रेस्त्रां से बाहर निकलते ही उस पर घात लगाकर हमला कर दिया गया।
CCTV फुटेज में एक चोरी की गई काली ऑडी स्पोर्ट्स कार को इलाके में चक्कर लगाते देखा गया। जैसे ही बिलाल और महिला रेस्त्रां से निकले, कार उनका पीछा करती रही। ब्रिज स्ट्रीट के पास गोलीबारी हुई, जिसमें बिलाल गिर पड़ा और महिला जान बचाकर भागी।
यह मामला सिडनी के हालिया इतिहास के सबसे चर्चित गैंगवार्स में से एक बन गया है, और अदालत में अब दोनों गैंगों की आंतरिक संरचना, दुश्मनी और योजनाओं पर से धीरे-धीरे पर्दा उठ रहा है।