पश्चिमी सिडनी में गैंगवार शूटआउट 19 वर्षीय युवक पर हत्या का मुकदमा

पश्चिमी सिडनी में गैंगवार शूटआउट 19 वर्षीय युवक पर हत्या का मुकदमा

सिडनी पुलिस ने पश्चिमी सिडनी में हुई एक गैंगवार गोलीबारी के मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। इस हमले में कथित तौर पर आलामेद्दीन गिरोह से जुड़े दाऊद जकरिया (32) की मौत हो गई थी, जबकि सिडनी के जाने-माने वकील सिल्वन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

मई महीने में हुए इस हमले को पुलिस ने टारगेटेड ड्राइव-बाय शूटिंग बताया था। माना जा रहा है कि गोलीबारी का असली निशाना आलामेद्दीन गिरोह का सदस्य समीमजान अज़ारी था, जो उस समय कार में अपने बॉडीगार्ड के साथ मौजूद था। यह अज़ारी पर दूसरा हमला था, इससे पहले भी उस पर ब्राइटन-ले-सैंड्स में गोलीबारी की कोशिश हो चुकी थी।

बुधवार सुबह टास्कफोर्स फाल्कन की टीम ने गिल्डफोर्ड इलाके से आरोपी युवक को गिरफ्तार किया। उस पर हत्या, हत्या की नीयत से गोली चलाना, मादक पदार्थ की सप्लाई, अपराध की कमाई से लेन-देन, वाहन चोरी, गैरकानूनी गोला-बारूद रखने और डिजिटल एक्सेस आदेश का पालन न करने जैसी कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत देने से इनकार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस मंत्री यास्मिन कैटली ने सख्त संदेश देते हुए कहा, “हमारी सड़कों पर इस तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधियों को कानून के शिकंजे से बचना नामुमकिन है।”