उत्तरकाशी, 5 अगस्त। उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले के धराली क्षेत्र में सोमवार रात अचानक बादल फटने से भयावह हालात पैदा हो गए। इस प्राकृतिक आपदा में कई लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि अब तक कुछ शव भी बरामद किए जा चुके हैं। घटना के बाद से इलाके में अफरा-तफरी मची हुई है। होटल और घरों से लोग जान बचाकर भागते नजर आए।
सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे लोग होटल से बदहवास हालत में बाहर भाग रहे हैं और अचानक आए पानी के तेज बहाव में फंसते चले जाते हैं। वीडियो इतना भयावह है कि देखने वालों की रूह कांप उठे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार देर शाम धराली क्षेत्र में अचानक मौसम बदला और भारी बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते ऊपर के इलाकों से आए मलबे और पानी ने विकराल रूप ले लिया। कई होटल, घर और दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आसपास खड़ी गाड़ियां बह गईं और कई लोग लापता हो गए।
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है और घायल व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं और प्राथमिकता लोगों की जान बचाने की है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।