न्यू साउथ वेल्स के मध्य-पश्चिम क्षेत्र के छोटे से कस्बे Lake Cargelligo** में गुरुवार शाम हुई भीषण गोलीबारी में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने स्थानीय लोगों को घरों के भीतर रहने की सख्त सलाह दी है। हमलावर अब भी फरार है, जिसे पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आपातकालीन सेवाओं को शाम करीब 4.40 बजे वॉकर स्ट्रीट और येल्किन स्ट्रीट के पास गोलीबारी की सूचना मिली। NSW Police के सहायक आयुक्त Andrew Holland ने बताया कि पुलिस को पहले एक वाहन पर गोली चलाए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर वाहन के अंदर एक पुरुष और एक महिला मृत पाए गए। कुछ ही देर बाद दूसरी जगह से गोलीबारी की सूचना मिली, जहां एक अन्य पुरुष और महिला को गोली लगी थी। इनमें से एक की बाद में मौत हो गई।
पुलिस का मानना है कि हमलावर वारदात के बाद वाहन में फरार हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह वाहन परिषद (काउंसिल) का हो सकता है। आयुक्त हॉलैंड ने कहा कि हाल के दिनों में Bondi Beach पर हुई घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं, ऐसे में यह वारदात बेहद गंभीर है। उन्होंने शुरुआती पुलिसकर्मियों द्वारा देखे गए दृश्य को “बेहद भयावह” बताया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस गोलीबारी में किसी भी पुलिसकर्मी की संलिप्तता नहीं है। आयुक्त ने कहा, “यह एक छोटे कस्बे के लिए बहुत बड़ी त्रासदी है। यहां हर मौत पूरे समुदाय को झकझोर देती है, और जब गोलीबारी जैसी घटना हो, तो डर और चिंता स्वाभाविक है।”
इलाके में अपराध स्थल घोषित कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि स्थानीय निवासी घरों से बाहर न निकलें और अनावश्यक रूप से क्षेत्र में आने से बचें।
स्थानीय लोगों में भय का माहौल
स्थानीय निवासी मनीषा ने बताया कि पूरे कस्बे में पुलिस और एंबुलेंस की आवाजाही है। “हमें बाहर न निकलने के निर्देश मिले हैं। कस्बे में सिर्फ दो मुख्य सड़कें हैं और हर तरफ सायरन की आवाज सुनाई दे रही है,” उन्होंने कहा। एक अन्य निवासी ने कहा, “यहां ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। हर कोई डरा हुआ है और घरों में ही रह रहा है।”
बारवोन क्षेत्र के सांसद Roy Butler ने इस घटना को “दुखद” बताते हुए कहा कि उनके विचार पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।
पुलिस ने कहा है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, जनता को और जानकारी दी जाएगी।