ट्रंप ने ब्रिटेन पर साधा निशाना, कहा – “भारी मूर्खता का कार्य”

ट्रंप ने ब्रिटेन पर साधा निशाना, कहा – “भारी मूर्खता का कार्य”

वॉशिंगटन।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सबसे करीबी सहयोगी देश ब्रिटेन पर तीखा हमला बोलते हुए उसके एक हालिया फैसले को “भारी मूर्खता का कार्य” बताया है। ट्रंप की यह प्रतिक्रिया उस समझौते को लेकर आई है, जिसके तहत ब्रिटेन ने पिछले वर्ष चागोस द्वीपसमूह को मॉरीशस को सौंपने का निर्णय लिया था।

इस द्वीपसमूह में स्थित डिएगो गार्सिया द्वीप पर अमेरिका का एक अत्यंत महत्वपूर्ण सैन्य अड्डा मौजूद है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखते हुए कहा कि ब्रिटेन बिना किसी ठोस कारण के रणनीतिक रूप से अहम भूमि छोड़ रहा है, जिससे वैश्विक सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है।

उन्होंने दावा किया कि इस कदम को चीन और रूस जैसी शक्तियां “कमज़ोरी” के रूप में देख रही हैं। ट्रंप के अनुसार, ये देश केवल ताकत की भाषा समझते हैं, और इसी वजह से अमेरिका उनके नेतृत्व में पहले से कहीं अधिक सम्मानित हुआ है।

यह बयान ऐसे समय आया है जब ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप के रुख पर अप्रत्यक्ष आलोचना की थी। इसके बाद अमेरिका और यूरोपीय देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप लगातार यह कहते रहे हैं कि ग्रीनलैंड अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने यहां तक संकेत दिए हैं कि यदि डेनमार्क पीछे नहीं हटा तो यूरोपीय देशों पर कड़े टैरिफ लगाए जाएंगे।

यूरोपीय देश अब ट्रंप प्रशासन की आक्रामक विदेश नीति और आर्थिक दबावों से निपटने की रणनीति पर मंथन कर रहे हैं। वहीं, ट्रंप का ताज़ा बयान अमेरिका-ब्रिटेन संबंधों में नई तल्खी का संकेत माना जा रहा है।