अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को घोषणा की कि अमेरिका अगले साल होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी दक्षिण फ्लोरिडा स्थित उनके मियामी गोल्फ क्लब में करेगा। ट्रंप ने कहा कि “मुझे लगता है कि हर कोई इसे वहीं चाहता है।”
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने अपने निजी गोल्फ रिसॉर्ट में वैश्विक नेताओं को बुलाने का प्रयास किया हो। अपने पहले कार्यकाल के दौरान भी उन्होंने डोरल क्लब में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने की योजना बनाई थी। हालांकि, रिपब्लिकन पार्टी के भीतर आलोचना और हितों के टकराव के आरोपों के चलते उन्हें उस समय यह योजना छोड़नी पड़ी थी।
जी-20 की मेजबानी की घोषणा के साथ ही ट्रंप ने यह भी बताया कि वे रविवार को न्यूयॉर्क में होने वाले यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल फाइनल में शामिल होंगे। इस मौके पर उनके साथ कई राजनयिक और करीबी सहयोगी भी मौजूद रह सकते हैं।
जी-20 दुनिया की 20 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। इसमें अमेरिका, भारत, चीन, जापान, यूरोपीय संघ समेत दुनिया की बड़ी ताकतें शामिल हैं। शिखर सम्मेलन में वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, जलवायु और सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होती है।