ट्रम्प के अभूतपूर्व फैसले से ऑस्ट्रेलियाई शेयर बाज़ार लुढ़का

ट्रम्प के अभूतपूर्व फैसले से ऑस्ट्रेलियाई शेयर बाज़ार लुढ़का

सिडनी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा अमेरिकी फेडरल रिज़र्व (Fed) की गवर्नर लिसा कुक को अचानक बर्ख़ास्त करने के फैसले ने वैश्विक बाज़ारों में हलचल मचा दी है। इस राजनीतिक हस्तक्षेप ने निवेशकों के भरोसे को गहरा झटका दिया, जिसके असर से ऑस्ट्रेलियाई शेयर बाज़ार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुआ।

ASX 200 सूचकांक 36.80 अंक यानी 0.41 प्रतिशत फिसलकर 8,935.60 पर बंद हुआ, जबकि ऑल ऑर्डिनरीज़ भी 37.70 अंक टूटकर 9,207.30 तक आ गया। ऑस्ट्रेलियाई डॉलर भी मामूली गिरावट के साथ 64.79 अमेरिकी सेंट पर आ गया।

कोल्स बनी रोशनी की किरण

गिरावट के बीच सुपरमार्केट दिग्गज कोल्स ने शानदार नतीजों से निवेशकों को चौंकाया। कंपनी के शेयर 8.54 प्रतिशत उछलकर 22.50 डॉलर पर पहुंच गए। कंपनी की वार्षिक सुपरमार्केट बिक्री 4.3 प्रतिशत बढ़कर 40 अरब डॉलर हो गई। बेहतर बिक्री प्रदर्शन के दम पर प्रतिद्वंद्वी वूलवर्थ्स के शेयरों में भी 2.48 प्रतिशत की मजबूती देखी गई।

खनन और स्वास्थ्य क्षेत्र पर दबाव

बाज़ार में कुल 11 सेक्टरों में से 8 गिरावट में रहे। खनन, स्वास्थ्य और दूरसंचार कंपनियों पर सबसे ज़्यादा दबाव दिखा।

  • BHP के शेयर 1.13% गिरकर 42.65 डॉलर पर

  • रियो टिंटो लगभग स्थिर 115.42 डॉलर पर

  • फ़ोर्टेस्क्यू 3.90% लुढ़ककर 19.22 डॉलर पर बंद हुआ।

ट्रम्प का विवादित कदम

बाज़ार में यह हलचल तब मची जब राष्ट्रपति ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर घोषणा की कि उन्होंने फेड गवर्नर लिसा कुक को पद से हटा दिया है। ट्रम्प ने दावा किया कि कुक ने मॉर्गेज से जुड़े दस्तावेज़ों में ग़लत जानकारी दी थी।

उनके एक नियुक्त सहयोगी बिल पुल्टे का आरोप है कि कुक ने वर्ष 2021 में मिशिगन और जॉर्जिया में दो अलग-अलग प्राइमरी रेज़िडेंस दिखाकर बेहतर ऋण शर्तें हासिल कीं।

विश्लेषकों का मानना है कि इस फैसले ने फेड की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आईजी मार्केट एनालिस्ट टोनी साइकामोर ने कहा, “यह बर्ख़ास्तगी असामान्य और चिंताजनक है, जो फेड की स्वायत्तता पर बड़ा खतरा दिखाती है।”