नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान सोमवार को भारत की आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही यह यात्रा सत्ता संभालने के बाद उनकी भारत की तीसरी आधिकारिक यात्रा है, जबकि बीते 10 वर्षों में यह उनकी पांचवीं भारत यात्रा होगी।
इस उच्चस्तरीय दौरे का उद्देश्य भारत और यूएई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करना है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच व्यापार और निवेश, रक्षा उद्योग सहयोग, ऊर्जा परियोजनाओं तथा उभरती तकनीकों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। ईरान-अमेरिका संबंधों में तनाव, यमन को लेकर सऊदी अरब और यूएई के बीच मतभेद तथा गाजा में जारी अस्थिरता जैसे मुद्दे क्षेत्रीय समीकरणों को प्रभावित कर रहे हैं। इन परिस्थितियों के मद्देनज़र, भारत और यूएई के नेताओं के बीच पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी विचार-विमर्श होने की उम्मीद है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह दौरा दोनों देशों के बीच बहुआयामी सहयोग को नई दिशा देगा और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर आपसी समन्वय को मजबूत करेगा। भारत और यूएई के बीच पिछले वर्षों में आर्थिक, सामरिक और कूटनीतिक संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसे यह यात्रा और आगे बढ़ाने में सहायक मानी जा रही है।