सिडनी से ब्रिस्बेन जा रही वर्जिन ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट VA993 में बुधवार रात यात्रियों के लिए डरावना पल आ गया, जब उड़ान के दौरान अचानक केबिन का दबाव कम हो गया और विमान तेज़ी से नीचे उतरने लगा।
शाम 8:30 बजे उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही यह घटना हुई। फ्लाइट रडार के आंकड़ों के अनुसार, विमान 9 बजे तक 37,000 फीट की ऊंचाई पर था, लेकिन दबाव की कमी के चलते कुछ ही पलों में 8,775 फीट तक उतर गया। इसके बाद विमान इसी ऊंचाई पर उड़ता हुआ सुरक्षित ब्रिस्बेन पहुंचा।
अचानक हुई इस गिरावट के बाद ऑक्सीजन मास्क नीचे गिर गए और फ्लाइट अटेंडेंट्स ने यात्रियों को शांत करने की कोशिश की। एक यात्री ने बताया कि उन्होंने तुरंत अपने पति को संदेश भेजा – "प्लेन गिर रहा है... इमरजेंसी लैंडिंग – लव यू।"
घटना के बाद यात्रियों ने फ्लाइट क्रू के साहसिक प्रयासों पर तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया।
एयरलाइन प्रवक्ता ने बताया कि यह एक "डिप्रेशराइजेशन इवेंट" था और क्रू ने मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत तुरंत विमान को सुरक्षित ऊंचाई पर उतारने के लिए PAN कॉल (तत्काल सहायता का संकेत) जारी किया। यह Mayday कॉल से अलग है, जो जानलेवा आपात स्थितियों में किया जाता है।
उन्होंने पुष्टि की कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई। यात्रियों को काउंसलिंग सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। घटना के कारणों की जांच इंजीनियर करेंगे।