पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया (Western Australia) में एक पेट्रोल स्टेशन पर उपभोक्ता संरक्षण नियमों का उल्लंघन करने के कारण 1000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का जुर्माना लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार पेट्रोल पंप ने जो कीमत सरकारी निगरानी प्रणाली को बताई थी, उससे अलग कीमत ग्राहकों से वसूली जा रही थी।
राज्य के FuelWatch कानून के तहत सभी पेट्रोल विक्रेताओं को हर दिन दोपहर 2 बजे तक अगले दिन के लिए अपनी ईंधन कीमतों की जानकारी देनी होती है। इसके बाद यह कीमत अगले दिन सुबह 6 बजे से 24 घंटे तक स्थिर रहती है, ताकि उपभोक्ताओं को अचानक बढ़ी हुई कीमतों से बचाया जा सके और कीमतों में हेरफेर या मुनाफाखोरी रोकी जा सके।
पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के जेराल्डटन (Geraldton) स्थित एक पेट्रोल स्टेशन पर जांच के दौरान पाया गया कि वहां पंप मशीनों पर दिखाई जा रही कीमत और FuelWatch को दी गई कीमत में अंतर था। इस कारण विभाग ने स्टेशन संचालक पर 1000 डॉलर का जुर्माना लगाया।
उपभोक्ता संरक्षण आयुक्त ट्रिश ब्लेक ने कहा कि वाहन चालकों को सही और पारदर्शी कीमत की जानकारी मिलना बेहद जरूरी है। यदि पेट्रोल पंप के साइनबोर्ड, मशीन और सरकारी पोर्टल पर अलग-अलग कीमतें दिखाई जाती हैं तो इसका नुकसान सीधे उपभोक्ताओं को होता है।
विभाग ने यह भी बताया कि इस पेट्रोल स्टेशन के खिलाफ गलत कीमत वसूली के अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है। अगर लगातार नियमों का उल्लंघन पाया गया तो मामला अदालत तक जा सकता है।
कानून के अनुसार, गंभीर मामलों में किसी व्यक्ति पर 20,000 डॉलर तक और किसी कंपनी पर 100,000 डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय तनाव और ईंधन बाजार में अस्थिरता के कारण ऑस्ट्रेलिया में पेट्रोल की कीमतों को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई है। ऐसे में सरकार ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ईंधन मूल्य निगरानी को और सख्त कर दिया है।